सड़क किनारे बहता तेल लूटने उमड़े सैकड़ों ग्रामीण

गोगुंदा हाईवे पर सरसों तेल से भरा टैंकर पलटा, चालक घायल
 | 
Accident

उदयपुर 6 मार्च 2026। नेशनल हाईवे 27 पर गोगुन्दा थाना क्षेत्र के कीर्ति राज होटल के समीप गुरुवार शाम को सरसों के तेल से भरा एक टैंकर चट्टान से टकराकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में टैंकर चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार टैंकर गुजरात के कांडला से सरसों का तेल लेकर मध्यप्रदेश के नीमच जा रहा था। इसी दौरान गोगुंदा हाईवे पर कीर्ति राज होटल के पास चालक ने ढलान पर टैंकर को न्यूट्रल कर दिया, जिससे टैंकर अनियंत्रित होकर चट्टान से टकरा गया और सड़क किनारे पलट गया।

हादसे के बाद टैंकर में भरा सरसों का तेल सड़क किनारे बहने लगा। इसकी सूचना आसपास के गांवों में फैलते ही सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और अपने घरों से खाली बर्तन, बाल्टी व ड्रम लेकर तेल भरने में जुट गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने तेल भर रहे लोगों को मौके से खदेड़ते हुए स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।

सूचना मिलने पर गोगुंदा थाने के उप निरीक्षक हितेश यादव पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद चालक को केबिन से बाहर निकाला गया। घायल चालक की पहचान चिराग भाई ठाकुर निवासी पालनपुर (गुजरात) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे तुरंत उपचार के लिए गोगुंदा अस्पताल पहुंचाया। 

प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक की लापरवाही सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि तेल बचाने के चक्कर में चालक ढलान पर टैंकर को न्यूट्रल कर चला रहा था, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

#UdaipurNews #RajasthanNews #Gogunda #NH27 #HighwayAccident #UdaipurBreaking #TankerAccident #MustardOilTanker #RoadAccident #UdaipurUpdates #RajasthanBreaking #LocalNewsUdaipur

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News