ट्रेलर-एम्बुलेंस भिड़ंत में मरीज़ की मौत, 4 घायल
उदयपुर 21 अगस्त 2025। ज़िले के परसाद थाना क्षेत्र में बुधवार (20 अगस्त ) देर रात ट्रेलर और एम्बुलेंस की भीषण टक्कर हो गई। हादसे में एम्बुलेंस में सवार महिला मरीज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक सहित चार लोग घायल हो गए।
परसाद थानाधिकारी उमेंद्र सिंह ने बताया कि हादसा रात करीब साढ़े दस बजे हुआ। लीलकी (50) पत्नी अमरचंद मीणा को सीने में दर्द की शिकायत के बाद उनके दोनों बेटे पहले परसाद सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे थे। वहां हालत गंभीर होने पर उन्हें एम्बुलेंस से एमबी अस्पताल रेफर किया गया।
बताया गया कि परसाद और बारा गांव के बीच हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रेलर ने अचानक ब्रेक लगाए, तभी पीछे से आ रही एम्बुलेंस ट्रेलर से टकरा गई। हादसे के समय तेज बारिश भी हो रही थी। इस दौरान एम्बुलेंस में सवार महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को दूसरी एम्बुलेंस से एमबी अस्पताल भेजा गया।
हादसे में महिला मरीज की मौत के अलावा चार लोग घायल हुए हैं। इनमें इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन (EMT) राजेश मीणा की हालत गंभीर बताई गई है और उन्हें वेंटिलेटर पर लिया गया है। मृतका के दोनों बेटे ओमप्रकाश और राजू को भी चोटें आई हैं। चालक शकील मिर्जा गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है।
एएसआई भेरूसिंह ने बताया कि मृतक महिला के शव को मोर्चरी में रखवाया गया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।