उदयपुर शिक्षा विभाग दफ्तर में प्लास्टर गिरा, गोगुंदा स्कूल की नवनिर्मित दर्शक दीर्घा ढही

गनीमत रही कोई हताहत नहीं हुआ

 | 
shiksha vibhag building collapse

उदयपुर 8 सितंबर 2025। माध्यमिक शिक्षा विभाग के गोवर्धन विलास स्थित कार्यालय में एक बड़ा हादसा टल गया। अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी के चैम्बर में आज सुबह लगभग 9:30 बजे अचानक प्लास्टर गिर गया। गनीमत यह रही कि उस समय चैम्बर में अधिकारी व अन्य स्टाफ नहीं थे, अन्यथा बड़ी जनहानि हो सकती थी। गिरते प्लास्टर की वजह से कमरे में रखा टेबल का कांच टूट गया और कुर्सियां भी गिर गईं। फिलहाल चैम्बर को बंद कर दिया गया है।

जानकारी मिली है कि यह बिल्डिंग पूरी तरह जर्जर हालत में है। कई कमरों में बारिश का पानी टपकता है और कुछ स्थानों पर प्लास्टर भी कमजोर अवस्था में पड़ा हुआ है। ऐसे में कभी भी किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है। घटना के बाद वहां काम करने वाले कर्मचारी काफी घबराए हुए नजर आए।

जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक, लोकेश भारती ने बताया कि प्लास्टर और छत की वाटरप्रूफिंग के लिए 10 लाख रुपए का टेंडर हो चुका है। लेकिन लगातार बारिश के चलते अभी मरम्मत का कार्य नहीं हो पाया है। बारिश रुकते ही जल्द ही मरम्मत का कार्य शुरू कराया जाएगा।

इसी बीच जिले के गोगुंदा में पीएम श्री सरकारी स्कूल के ग्राउंड पर नवनिर्मित दर्शक दीर्घा भी सोमवार दोपहर को भरभराकर गिर गई। इस दीर्घा का निर्माण करीब 5 महीने पहले 4 लाख रुपए की लागत से कराया गया था। निर्माण कार्य के दौरान ग्रामीणों की शिकायत पर तत्कालीन SDM डॉ. नरेश सोनी ने निर्माण कार्य रोक दिया था। बावजूद इसके विभागीय JEN ने निरीक्षण कर इसे सुरक्षित बताया था, जिस पर फिर से निर्माण कार्य पूरा कराया गया। सौभाग्य रहा कि स्कूलों में कलेक्टर द्वारा अवकाश घोषित होने के कारण कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। यह दर्शक दीर्घा रोजाना स्कूल के बच्चों द्वारा उपयोग में लाई जाती थी। घटना के बाद विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।

#Udaipur #RajasthanNews #EducationDept #UdaipurNews #Gogunda #SchoolSafety #UdaipurTimes

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News