राजसमंद मोलेला के पास बनास नदी में बस पलटी 15 घायल
राजसमंद 21 नवंबर 2025। ज़िले के मोलेला के पास एक बड़ा सड़क हादसा हुआ, जब नाथद्वारा से मचींद वाया खमनोर जा रही एक यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर बनास नदी में गिर गई। बस का एक्सल टूट जाने से वाहन असंतुलित हुआ और पुल से नीचे जा लुढ़का।
हादसे की सूचना पर खमनोर थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। क्षेत्रीय लोगों की मदद से बस में फंसे सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और खमनोर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। दुर्घटना में कुल 15 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें 13 महिलाएं और दो बच्चे शामिल हैं। सभी घायलों का उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पुल पार करते समय बस में अचानक तेज झटका लगा और वह एक तरफ झुकते हुए नीचे गिर गई। समय रहते बचाव कार्य शुरू होने से बड़ी जनहानि टल गई। पुलिस ने बस को नदी से निकलवाने की कार्रवाई की और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।