राजसमंद: देसूरी की नाल में सड़क हादसे में 13 घायल
राजसमन्द 24 जनवरी 2026। ज़िले के देसूरी नाल क्षेत्र में शनिवार अल सुबह भीषण सड़क हादसा हुआ। पंजाब मोड़ के ऊपर एक तूफान वाहन और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में 13 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ये सभी लोग ब्यावर से आबूरोड की ओर केटरिंग कार्य के लिए जा रहे थे।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि तूफान वाहन में सवार सभी 13 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। देसूरी, नाडोल, सादड़ी और बाली से 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं और सभी घायलों को देसूरी उपजिला अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में डॉ. राजकुमार और डॉ. करण कुमार सहित चिकित्सा स्टाफ ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। गंभीर हालत के कारण 11 घायलों को आगे के इलाज के लिए पाली रेफर किया गया।
घायलों की पहचान संजय (23, फिरोजाबाद), मनोज (35, आगरा), राजा (30, आगरा), मनोज (22, फिरोजाबाद), सीताराम (40, टोडारायसिंह), सौरभ (19, आगरा), जितू जांगिड़ (28, अलवर), पंकज (23, फिरोजाबाद), राजू (21, बलाडा जेतारण), सलीम (40, सारणिया ब्यावर), रतन (25, सेवारिया जेतारण) और उमेश (20, आगरा) के रूप में हुई है।
घटना की सूचना पर देसूरी थानाधिकारी ऊर्जाराम पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और अंधेरे को हादसे का संभावित कारण बताया जा रहा है।
देसूरी नाल क्षेत्र हादसों के लिहाज से संवेदनशील माना जाता है, जहां पहले भी कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर सुरक्षा उपायों को बढ़ाने की मांग की है।
#UdaipurTimes #UdaipurTimesNews #UdaipurTimesOfficial #RajsamandNews #RoadAccident #DesuriNaal #RoadSafety #Accident
