Rajsamand: आमेट में दर्दनाक हादसे में पुरुष, महिला और बच्चे की मौत

 | 

Udaipur Times, Accident News: 24 मई 2026। राजसमंद जिले के आमेट सदर थाना क्षेत्र में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार अनियंत्रित ट्रेलर ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे बाइक सवार परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में एक पुरुष, एक महिला और एक बच्चा शामिल हैं।

हादसे में परिवार के अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद राजसमंद रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि बाइक पर एक ही परिवार के पांच लोग सवार होकर देवगढ़ से आमेट की ओर आ रहे थे।

यह हादसा आमेट के सेलागुड़ा मार्ग स्थित आसण पुलिया के पास हुआ। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही आमेट सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू करवाया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद ट्रेलर के टायर के नीचे एक शव फंस गया था, जिसे काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News