प्रतापनगर में दो बाइकों की भिड़ंत में रिटायर्ड फौजी की मौत
उदयपुर 18 फ़रवरी 2026। शहर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक रिटायर्ड फौजी की मौत हो गई, जबकि दूसरे बाइक सवार को मामूली चोटें आई हैं। दुर्घटना सुबह करीब 8 बजे उदयसागर चौराहे से पहले कुराबड़ मार्ग पर मस्जिद के पास हुई।
थानाधिकारी पूरणसिंह राजपुरोहित ने बताया कि घायल को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान सोहनलाल (60) पुत्र रतनलाल राव निवासी परसदा, कुराबड़ के रूप में हुई है। वह सेवानिवृत्त फौजी थे। परिजनों से रिपोर्ट लेने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार एक बाइक सवार उदयपुर से कुराबड़ की ओर जा रहा था, जबकि सोहनलाल कुराबड़ से उदयपुर आ रहे थे। मस्जिद के पास अचानक दोनों बाइकों की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद सोहनलाल उछलकर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों बाइकों के अगले हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। राहगीरों की मदद से एंबुलेंस बुलाकर घायल को अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर जानकारी जुटाई।
परसदा सरपंच शिवलाल ने बताया कि सोहनलाल कुराबड़ से उदयपुर अस्पताल डॉक्टर को दिखाने के लिए आ रहे थे, तभी सामने से आ रहे बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
