राजसमंद मे बेकाबू थार ने दो लोगों को मारी टक्कर, हादसे के बाद चालक फरार

 | 
Rajsamand Accident

 

Udaipur Times, Accident News:  राजसमंद शहर में तेज रफ्तार वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। नाथद्वारा रोड पर मारुति सुजुकी शोरूम के पास शाम करीब 6 बजे एक तेज रफ्तार ब्लैक थार ने दो लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में बाबूलाल कोठारी और अरहम कोठारी गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, हादसे में बाबूलाल कोठारी के दाहिने पैर में कई फ्रैक्चर आए हैं, वहीं अरहम कोठारी के पैर में भी गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

आरोप है कि दुर्घटना के बाद थार चालक मौके से फरार हो गया। पीड़ित पक्ष की रिपोर्ट पर कांकरोली थाना पुलिस ने जैनेश सनाढ्य पुत्र हेमंत सनाढ्य, निवासी कांकरोली के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 एवं 125(ख) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हादसे के पीछे सिर्फ तेज रफ्तार या शहर की बदहाल व्यवस्थाएं भी जिम्मेदार?

इस हादसे ने एक बार फिर शहर की यातायात व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। राजसमंद शहर में जगह-जगह हो रहे अवैध निर्माण, सड़कों के किनारे बेतरतीब पार्किंग और अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका लगातार बनी रहती है।

सवाल यह है कि क्या शहर में निर्माण गतिविधियों के दौरान पार्किंग और यातायात व्यवस्था के नियमों की पालना करवाई जा रही है? क्या व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के पास पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था है? क्या जिम्मेदार विभाग नियमित निरीक्षण कर रहे हैं?

जब सड़कों पर वाहनों की आवाजाही के लिए पर्याप्त जगह नहीं बचती और पार्किंग व्यवस्था भी बेतरतीब हो जाती है, तो दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।

अब सवाल प्रशासन से है:

शहर में अवैध निर्माण पर कार्रवाई कब होगी?

सड़क किनारे अव्यवस्थित पार्किंग पर जिम्मेदार विभाग कब सख्ती दिखाएंगे?

यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए ठोस कदम कब उठाए जाएंगे?

आखिर किसी बड़े हादसे के बाद ही प्रशासन की नींद क्यों टूटती है?

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News