तेज़ रफ़्तार कार ने तोडा घर का दरवाज़ा

कार से शराब के बोतलें भी हुई बरामद

 | 
SPeedy car break gate

उदयपुर 2 फ़रवरी 2026। शहर के सुखेर थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक मकान के गेट को तोड़ते हुए अंदर घुस गई। हादसे के बाद कार दीवार से जा टकराई, जिससे गेट और मकान को नुकसान पहुंचा। घटना के बाद कार सवार मौके से फरार हो गया।

तेज धमाके जैसी आवाज सुनकर घर के लोग सहम गए और तुरंत बाहर निकल आए। गेट और कार की हालत देखकर परिवार हैरान रह गया। इसके बाद मकान मालिक अंशुल कुमावत ने घटना की सूचना सुखेर थाना पुलिस को दी।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार की तलाशी ली, जिसमें शराब की एक कार्टन बोतलें बरामद हुईं। मकान मालिक की ओर से पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।

घटना रात करीब 1:30 बजे शोभागपुरा स्थित माधव विहार कॉलोनी की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फॉक्सवैगन टाइगुन कार (आरजे 27 सीपी 2826) तेज रफ्तार में सड़क पर सीधी जा रही थी, तभी अचानक टर्न लेकर मकान में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि लोहे का गेट टूट गया, गेट की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई और कार का बोनट भी पूरी तरह टूट गया।

पुलिस ने मौके से कार और उसमें रखी शराब जब्त कर ली है। फरार चालक की तलाश की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।