तेज़ गति कार ने डिलीवरी बॉय की मोटरसाइकिल को मारी टक्कर

लेकसिटी में रफ़्तार का कहर जारी  

 | 
accident

उदयपुर 30 जनवरी 2026। सूरजपोल थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक और सड़क हादसा सामने आया, जहां तेज गति से आ रही एक कार ने डिलीवरी बॉय की मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। यह हादसा रात करीब 12 बजे हुआ।

टक्कर में मोटरसाइकिल सवार डिलीवरी बॉय को चोटें आईं। मौके पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया। वहीं हादसे के बाद कार चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही सूरजपोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार को जब्त कर लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार कार चालक की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

गनीमत रही कि शहर में लगातार लापरवाही से चलाए जा रहे वाहनों के बावजूद इस हादसे में किसी की जान नहीं गई। उल्लेखनीय है कि बीते एक माह में शहर के अलग-अलग इलाकों में हुए सड़क हादसों में करीब नौ लोगों की मौत हो चुकी है। हाल ही में प्रतापनगर क्षेत्र में भी सड़क की खराब स्थिति और तेज रफ्तार वाहन के कारण एक 11 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत हुई थी।

ऐसे में सवाल उठ रहा है कि बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस और प्रशासन क्या ठोस कदम उठाएंगे, या फिर लापरवाही, तेज रफ्तार और सड़कों की बदहाल स्थिति के कारण निर्दोष लोगों की जान जाती रहेगी।