उदयपुर अहमदाबाद NH पर टैंकर पलटा, डेढ़ घंटे बाधित रहा हाइवे

बारापाल में हाइवे पर फैला ऑयल, दो दमकल ने आकर साफ किया हाइवे 

 | 
tanker overturn

उदयपुर 8 मई 2025 । उदयपुर-अहमदाबाद नेशनल हाइवे पर आज एक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। इसके हाइवे बाधित हो गया और बाद में पुलिस और हाइवे टीम ने सभी वाहनों को दूसरी रोड पर डायवर्ट किया। करीब डेढ़ घंटे हाइवे बाधित रहा। इस दौरान उदयपुर से दो दमकल ने आकर हाइवे पर फैले  ऑयल को साफ कर रास्ता खोला। 

उदयपुर से करीब 28 किलोमीटर दूर बारापाल में यह हादसा आज सुबह करीब साढे आठ बजे हुआ और बाद में पुलिस को सूचना मिली। सुबह करीब 9 बजे उदयपुर से गोवर्धन विलास पुलिस मौके पर पहुंची। 

पुलिस ने बताया कि उदयपुर से खेरवाड़ा की तरफ जा रहा एक टैंकर अनियंत्रित होकर हाइवे पर बारापाल के पास सिंधु ढाबा के पास पलट गया। इस बीच टैंकर में भरा ऑयल भी सड़क पर बिखर गया। हाइवे के बीच में टैंकर पलटने से रास्ता बाधित हो गया। 

traffic jam

पुलिस ने जाते ही सबसे पहले उदयपुर से खेरवाड़ा वाल लाइन से जाने वाले वाहनों को सामने वाली लाइन में शिफ्ट किया। इससे पहले करीब डेढ़ घंटे तक जाम लगा रहा था। 

बाद में पुलिस ने उदयपुर के अग्निशमन स्टेशन पर सूचना देकर दमकल मंगाई। वहां से दो दमकल की गाड़ियां यहां पहुंची और हाइवे पर फैले ऑयल को साफ करना शुरू किया। दमकल की गाड़ियों ने पानी की बोछारों से हाइवे पर फैले ऑयल को साफ कर रास्ता क्लियर किया और मौके पर क्रेन को बुलाकर टैंकर को बीच रास्ते से हटाया गया है।

मौके पर गोवर्धन विलास पुलिस थाने से संजय मीणा, जितेंद्र, विक्रम और नरेंद्र आदि पहुंचे। संजय ने बताया कि टैंकर चालक की हादसे में जान बची, उसको खरोच आई। उन्होंने बताया कि सामने एक बाइक सवार को बचाने के ​चक्कर में टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया।