भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत
उदयपुर 18 फ़रवरी 2026। ज़िले के कोटड़ा ब्लॉक के मांडवा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसे में तीन बाइक सवार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा कोदरमाल गांव के पास उस समय हुआ, जब बाइक सवार युवक ओवरटेक करने के प्रयास में ऑटो से टकरा गए।
जानकारी के अनुसार तीनों युवक मांडवा से कोटड़ा की ओर जा रहे थे। उनके आगे एक ऑटो चल रहा था, जबकि सामने से तेज रफ्तार जीप आ रही थी। इसी दौरान बाइक सवार ने ऑटो को ओवरटेक करने की कोशिश की और संतुलन बिगड़ने से बाइक ऑटो से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि उन्होंने हेलमेट भी नहीं पहना हुआ था।
हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। राहगीरों की मदद से घायलों को कोटड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया था। हादसे के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान 24 वर्षीय हरीश पुत्र मसूर गमार, 25 वर्षीय शंकरलाल पुत्र सुनील खराड़ी और 23 वर्षीय कालाराम पुत्र किसनाराम के रूप में हुई है। तीनों कोटड़ा के निवासी थे। सूचना मिलते ही मांडवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है तथा परिजनों को सूचना दे दी गई है।
#UdaipurNews #RoadAccident #Kotda #BikeAccident #YouthSafety #TrafficAccident #Koderamal #BreakingNewsUdaipur