उदयपुर की फतहसागर झील में डूबे पर्यटक की मौत

 | 
Tourist Drown in Fatahsagar

Udaipur Times, Accident News: 12 जून 2026। उदयपुर के फतहसागर झील में शुक्रवार दोपहर एक पर्यटक द्वारा झील में छलांग लगाने का मामला सामने आया। सूचना मिलते ही राजस्थान नागरिक सुरक्षा विभाग की रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर करीब 15 मिनट की मशक्कत के बाद शव को झील से बाहर निकाल लिया।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे अंबामाता थाना पुलिस से सूचना प्राप्त हुई कि एक पर्यटक मोती मगरी के सामने स्थित उज्जैन बोटिंग पॉइंट पर पहुंचा था। उसने बोटिंग के लिए टिकट लिया और बोट में जाकर बैठ गया। बताया गया कि बोट शुरू होने से पहले ही उसने लाइफ जैकेट उतारकर अचानक फतेहसागर झील में छलांग लगा दी।

घटना की सूचना मिलते ही राजस्थान नागरिक सुरक्षा विभाग उदयपुर के उप नियंत्रक दीपेंद्र सिंह राठौड़ के निर्देश पर रेस्क्यू टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया और लगभग 15 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद झील से शव को बाहर निकाल लिया।

इसके बाद शव को आवश्यक कार्रवाई के लिए अंबामाता थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है तथा मृतक की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

रेस्क्यू अभियान में वरिष्ठ सहायक गोविंद जगरवाल, गोताखोर विपुल चौधरी, नरेश चौधरी, विजय नकवाल, कैलाश गमेती, मुकेश सेन, वाहन चालक मोहन सिंह राणावत तथा बोट ऑपरेटर कैलाश मेनारिया मौजूद रहे।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News