ऋषभदेव में ट्रेलर से टकराकर फायर ब्रिगेड में लगी आग, दो फायरमैन जिंदा जले

 | 
Fire in Rishabhdev

 

 

Udaipur Times, Udaipur News: उदयपुर के ऋषभदेव थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-48 पर रविवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। माकड़जपा गांव के पास एक ट्रेलर से टक्कर के बाद फायर ब्रिगेड के केबिन में आग लग गई। हादसे में दो फायरमैन जिंदा जल गए, जबकि दमकल वाहन का चालक और ट्रेलर चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।

ऋषभदेव थानाधिकारी हेमंत अहारी ने बताया कि हादसा सुबह करीब 11 बजे हुआ। अग्नि रक्षक नामक निजी कंपनी की फायर ब्रिगेड पश्चिम बंगाल नंबर की थी और गुजरात से उदयपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान उदयपुर से अहमदाबाद की तरफ जा रहा एक ट्रेलर पहले आगे चल रहे दूसरे ट्रेलर से टकराया। इसके बाद अनियंत्रित होकर दूसरी लेन में पहुंचा और सामने से आ रही फायर ब्रिगेड से भिड़ गया। टक्कर के तुरंत बाद दमकल वाहन के केबिन में आग लग गई।

हादसे में फायर ब्रिगेड का केबिन बुरी तरह पिचक गया, जिससे चालक सहित तीन लोग अंदर फंस गए। स्थानीय लोगों ने किसी तरह दमकल चालक को बाहर निकाल लिया, लेकिन दो फायरमैन आग की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। फिलहाल दोनों मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस कंपनी से संपर्क कर उनकी पहचान करने में जुटी है।

हादसे के बाद हाईवे पर करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। इस दौरान लगभग एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया।

राजस्थान में सड़क हादसों में ओवरस्पीडिंग बड़ी वजह

उपलब्ध परिवहन और पुलिस विभाग के आंकड़ों के अनुसार, राजस्थान सड़क हादसों के मामले में देशभर में छठे स्थान पर है। वर्ष 2025 में प्रदेश में कुल 23,820 सड़क हादसे हुए, जिनमें से 15,647 दुर्घटनाएं तेज गति के कारण हुईं। इन हादसों में करीब 7,600 लोगों की जान गई।

आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2024 की तुलना में 2025 में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में 1,018 की कमी आई, लेकिन इसके बावजूद 307 अधिक लोगों की मौत हुई। प्रदेश में कुल सड़क हादसों में करीब 63 प्रतिशत दुर्घटनाएं ओवरस्पीडिंग के कारण हुईं।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News