सास बहु के झगडे में दोनों की ज़िंदा जलकर मौत

बड़गांव थाना क्षेत्र के जिंडोली गांव की घटना 

 | 
fire

उदयपुर 8 अगस्त 2025।  ज़िले के बड़गांव थाना क्षेत्र के जिंडोली गांव में एक दर्दनाक घटना में सास और बहू जिंदा जल गईं। आग इतनी भीषण थी कि दोनों के केवल जले हुए हड्डियों के कंकाल ही बरामद हुए, जबकि उनके पैरों के कड़े अलग पड़े मिले।

घटना गुरुवार रात करीब 10:30 बजे की है। जिंडोली निवासी मांगी गमेती (35) और उनके पति गोपीलाल गमेती उर्फ गोपा के बीच घरेलू विवाद हुआ। दोनों के बीच करीब आधे घंटे तक कहासुनी होती रही। इस दौरान वृद्ध सास पप्पा बाई (65) ने समझाने की कोशिश की, लेकिन किसी ने उनकी बात नहीं मानी।

गुस्से में मांगी घर के सामने बने बाड़े के कमरे में गई और अपने ऊपर डीजल या केरोसिन डालकर आग लगा ली। बहू को बचाने पहुंची सास भी लपटों की चपेट में आ गई। कमरे में रखा चारा और अन्य सामान भी जलने लगा, जिससे आग और फैल गई। दोनों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई।

शोर सुनकर पति गोपीलाल ने मदद के लिए पुकारा। आसपास के लोग पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास करने लगे, लेकिन चारे के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया और कोई भी कमरे के पास नहीं जा सका। लोगों ने दूर से ही पानी का छिड़काव किया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड व सिविल डिफेंस की टीमों को बुलाया गया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। बाद में कमरे के एक कोने में सास-बहू के पूरी तरह जले हुए शव मिले।