कार की चपेट में आईं दो महिलाओ की मौके पर मौत

गोगुंदा-पिंडवाड़ा नेशनल हाईवे पर रविवार शाम को हुआ दर्दनाक सड़क हादसा

 | 
accident

उदयपुर 18 अगस्त 2025 । गोगुंदा थाना क्षेत्र में गोगुंदा-पिंडवाड़ा नेशनल हाईवे पर रविवार शाम करीब 5.30 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे सब्जी बेच रही दो महिलाओं को तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया। हादसे में दोनों महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक महिला का सिर धड़ से अलग हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार बहुत तेज थी। टक्कर मारने के बाद ड्राइवर महिलाओं को करीब 20 फीट तक घसीटते हुए ले गया। इसके बाद कार सड़क किनारे बने डिवाइडर को तोड़ते हुए करीब 10 फीट गहरी खाई में जा गिरी। महिलाएं भी कार के साथ खाई में गिर गईं। हादसे में कार सवार दो युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गए।

ईसवाल गांव के पूर्व सरपंच नागेंद्र सिंह झाला ने बताया कि घसियार मंदिर से करीब 200 मीटर पहले एक मोड़ पर महिलाएं सड़क किनारे बैठकर सब्जियां बेच रही थीं। इसी दौरान गोगुंदा की तरफ से आई तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर उन पर चढ़ गई और उन्हें घसीटते हुए खाई में गिर गई। मृतकों की पहचान मांगली बाई (50) पत्नी खेमा राम और नोजी बाई (48) पत्नी पोखरलाल गमेती निवासी खुमानपुरा के रूप में हुई है।

हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर गोगुंदा थानाधिकारी श्याम सिंह चारण मौके पर पहुंचे और भीड़ को हटाकर यातायात व्यवस्था को सामान्य किया।

थानाधिकारी श्याम सिंह चारण ने बताया कि कार सवार युवकों की पहचान विनय (30) और मुरारी (35) निवासी भुवाना, उदयपुर के रूप में हुई है। दोनों कार सवार को एमबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे के बाद कार को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।