भटेवर में एल्युमिनियम फैक्ट्री में आग
उदयपुर 23 मार्च 2026। ज़िले के भटेवर क्षेत्र में स्थित एक एल्युमिनियम फैक्ट्री में रविवार दोपहर अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर तक दिखाई देने लगा। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक लाखों रुपये का नुकसान हो चुका था।
जानकारी के अनुसार यह घटना नवानिया रोड स्थित मन मंदिर एल्युमिनियम प्राइवेट लिमिटेड के गोदाम में दोपहर करीब 2 बजे हुई। उस समय फैक्ट्री में काम चल रहा था, तभी अचानक आग भड़क उठी। आग से करीब 20 लाख रुपये से अधिक के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
हादसे के वक्त फैक्ट्री के अंदर कई मजदूर काम कर रहे थे। आग लगते ही कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई और वे जान बचाने के लिए मशीनें छोड़कर बाहर की ओर भागे। गनीमत रही कि आग फैलने से पहले ही सभी कर्मचारी सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
सूचना मिलते ही वल्लभनगर थाना पुलिस और उदयपुर से फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल की गाड़ियों ने तुरंत आग बुझाने का काम शुरू किया। शुरुआत में आग इतनी तेज थी कि पानी की बौछारें भी असरहीन नजर आ रही थीं, लेकिन लगातार प्रयासों के बाद करीब दो घंटे में आग पर काबू पा लिया गया।
प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण लापरवाही और तकनीकी खामी माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि प्लांट के अंदर भट्टी पर ऑयल गर्म करने की प्रक्रिया चल रही थी, इसी दौरान पाइप या टैंक से ऑयल का रिसाव शुरू हो गया। गर्म तेल ने आग पकड़ ली और कुछ ही मिनटों में पूरी यूनिट को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना के दौरान पुलिस ने आसपास के रास्तों को कुछ समय के लिए बंद करवा दिया, ताकि कोई राहगीर हादसे की चपेट में न आए। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
#Udaipur #Bhatewar #Rajasthan #FireNews #BreakingNews #FactoryFire #LocalNews #UdaipurNews #IndustrialSafety #FireIncident #FactoryFire
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
