तेज रफ्तार बाइक चालक स्टंट करते हुए डिवाइडर से टकराया

सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें और स्टंटबाजी जैसी हरकतों से बचें
 | 
accident during stunt

उदयपुर 15 सितंबर 2025। ज़िले के नाई थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार बाइक सवार युवक द्वारा स्टंट दिखाते हुए डिवाइडर से टकराने की घटना सामने आई है। युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। यह घटना दो दिन पहले देर रात आर के फोर्ट-हवाला बड़ी रोड पर हुई। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें युवक तेज रफ्तार बाइक चलाते हुए रोड पर टर्न ले रहा है। अचानक युवक का पैर सड़क पर रगड़ते हुए सीधे डिवाइडर से जा टकराता है।

बताया जा रहा है कि इस सड़क पर आए दिन युवक स्टंटबाजी करते हैं और रील बनाने के लिए खतरनाक करतब दिखाते हैं। नाई थानाधिकारी लीलाराम ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची थी, लेकिन वहां कोई नहीं मिला। साथ ही उन्होंने बताया कि अस्पताल में भी किसी घायल युवक के भर्ती होने की सूचना नहीं मिली है। अब तक इस संबंध में किसी ने शिकायत भी नहीं की है और घायल युवक का पता नहीं चल पाया है।

थानाधिकारी नाई लीला राम ने बताया कि पुलिस समय-समय पर उन युवकों पर कार्रवाई करती रहती है ताकि सड़क पर सुरक्षा बनी रहे, लेकिन इसके बावजूद ऐसे खतरनाक स्टंट की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें और स्टंटबाजी जैसी हरकतों से बचें ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

#Udaipur #BikeAccident #RoadSafety #BikerStunt #TrafficAlert #UdaipurNews #YouthSafety #DangerousStunts #UdaipurTimes