उदयपुर की फतहसागर में गिरे मोबाइल निकालने के चक्कर में बोट ऑपरेटर की डूबने से मौत
Udaipur Times, Accident News: 8 जून 2026। शहर की फतहसागर झील में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसा सामने आया। प्राप्त जानकारी के अनुसार शाम करीब 5:30 बजे उज्जैन बोटिंग के एक बोट ऑपरेटर ने झील में गिरे एक पर्यटक का मोबाइल निकालने के लिए पानी में छलांग लगाई, लेकिन वह दोबारा बाहर नहीं आया।
घटना की सूचना मिलते ही राजस्थान नागरिक सुरक्षा विभाग, उदयपुर के उप नियंत्रक दीपेंद्र सिंह राठौर के निर्देश पर तत्काल रेस्क्यू टीम को मौके पर रवाना किया गया। टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर सर्च अभियान शुरू किया और करीब 15 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद जेटी के नीचे से युवक का शव बरामद कर लिया।
रेस्क्यू के बाद शव को आवश्यक कार्रवाई के लिए अंबामाता थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई। मृतक की पहचान 67 वर्षीय सर्वाया विनोद भाई निवासी सरतानपुर भावनगर गुजरात के रूप में हुई हैं।
रेस्क्यू अभियान में गोताखोर विपुल चौधरी, सचिन कंडारा, विजय नकवाल, कैलाश मेनारिया एवं भवानी शंकर वाल्मीकि सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
