गैस सिलेंडर ब्लास्ट में एक ही परिवार के चार सदस्य झुलसे
कुराबड़ के बोरी गांव में सुबह हुआ हादसा
उदयपुर 29 सितंबर 2025। ज़िले के कुराबड़ थाना क्षेत्र के बोरी गांव में सोमवार सुबह बड़ा हादसा हो गया, जब गैस सिलेंडर ब्लास्ट से एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए। धमाका इतना तेज था कि घर का मुख्य दरवाजा टूट गया और परिवार अंदर ही फंस गया।
परिवार की चीख-पुकार सुनकर आस-पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे और एक-एक कर सभी को बाहर निकाला। झुलसी हालत में उन्हें तुरंत एमबी हॉस्पिटल, उदयपुर ले जाया गया, जहां इनका इलाज चल रहा है।
यह हादसा शंकरलाल मीणा (45) पुत्र नंगा मीणा के घर सुबह करीब 7 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, गैस रेगुलेटर रातभर ढीला रहने से सिलेंडर से गैस रिसाव होता रहा। सुबह जब शंकरलाल की पत्नी गीता (40) ने बिजली का स्विच ऑन किया, तो स्पार्क से जोरदार धमाका हो गया।
हादसे में शंकरलाल और उनकी बेटी लोगरी (9) करीब 35 फीसदी झुलस गए, जबकि गीता और छोटी बेटी मोनिका (7) की स्थिति गंभीर है। दोनों 70 से 80 फीसदी तक झुलस गई हैं।
मौके पर पहुंचे सगतड़ी सरपंच पति राजू भाई नारायण ने बताया कि “गैस रिसाव के कारण आग लगी और धमाका इतना तेज था कि मुख्य दरवाजा टूट गया। परिवार अंदर फंसा हुआ था, लेकिन ग्रामीणों की मदद से सभी को बाहर निकालकर तुरंत अस्पताल भेजा गया।”
एमबी हॉस्पिटल के डॉक्टरों ने बताया कि गीता और मोनिका की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
