खेलगांव रोड पर कार हादसे में एक की मौत, एक घायल
उदयपुर 18 मार्च 2026। सुखेर थाना क्षेत्र में खेलगांव स्थित रोड पर हनुमानजी मंदिर के पास बने टर्न पर मंगलवार देर रात एक सड़क हादसे में कार सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
थानाधिकारी भरत योगी के अनुसार मृतक की पहचान हिमांशु सालवी पुत्र रामचंद्र सालवी निवासी बोहरा गणेशजी के रूप में हुई है। घायल राहुल सिंह का अस्पताल में उपचार जारी है। दोनों युवक किसी काम से बाहर गए थे और देर रात घर लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि रात करीब 11 बजे हनुमानजी मंदिर के पास टर्न लेते समय कार अनियंत्रित हो गई और करीब 10 से 12 फीट गहरे गड्ढे में गिर गई। हादसे में कार चला रहे युवक की गर्दन गेट से टकरा गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना राहगीरों ने पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को एमबी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया, जबकि घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार इस टर्न पर लगातार हादसे हो रहे हैं। करीब 14 दिन पहले भी एक बाइक सवार युवक की इसी स्थान पर दुर्घटना में मौत हो चुकी है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि उन्होंने कई बार UDA से इस टर्न पर सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग और संकेतक लगाने की मांग की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
लोगों का कहना है कि यह टर्न बाहरी लोगों के लिए खासकर रात के समय बेहद खतरनाक साबित हो रहा है और यहां जल्द ही सुरक्षा उपाय किए जाने की आवश्यकता है।
#UdaipurNews #UdaipurAccident #RajasthanNews #KhelgaonRoad #Sukher #RoadSafety #BreakingNews #UdaipurUpdates #LocalNewsUdaipur #AccidentNews #UdaipurLocal
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
