उदयपुर में दर्दनाक हादसा: डैम पार करने की कोशिश में युवक की डूबकर मौत
Udaipur Times, Accident News: उदयपुर जिले के ऋषभदेव थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की डैम में डूबने से मौत हो गई। घटना मंगलवार सुबह करीब 9 बजे अंबा घाटी पिपली ए के पास स्थित डैम में हुई। सूचना मिलने पर राजस्थान नागरिक सुरक्षा विभाग की रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार 35 वर्षीय गणेश पुत्र हीरालाल कालबेलिया डैम को तैरकर पार करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान वह पानी में मौजूद झाड़ियों में फंस गया और डूब गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने करीब चार घंटे तक उसे तलाशने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
इसके बाद जिला आपदा एवं राजस्थान नागरिक सुरक्षा विभाग उदयपुर के उप नियंत्रक दीपेंद्र सिंह राठौड़ को सूचना दी गई। राठौड़ के निर्देश पर तत्काल रेस्क्यू टीम का गठन कर घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और महज पांच मिनट के भीतर डैम से शव को खोजकर बाहर निकाल लिया। इसके बाद शव को आगे की कार्रवाई के लिए ऋषभदेव थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
रेस्क्यू अभियान में गोताखोर विपुल चौधरी, विजय नकवाल, भवानी शंकर वाल्मीकि, बोट ऑपरेटर कैलाश मेनारिया तथा वाहन चालक मोहन सिंह राणावत सहित टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है तथा मामले की जांच की जा रही है।
