उदयपुर के एमबी हॉस्पिटल की भोजनशाला में लगी आग, महिला झुलसी
Udaipur Times, Accident News: 25 मई 2026। एमबी हॉस्पिटल स्थित जनाना अस्पताल में संचालित निःशुल्क भोजनशाला में सोमवार को आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हादसा भोजनशाला में शॉर्ट सर्किट के बाद हुआ, जहां अचानक आग भड़क उठी। घटना में भोजन बना रही एक बुजुर्ग महिला मामूली रूप से झुलस गई।
जानकारी के अनुसार हादसे के समय भोजनशाला में खाना तैयार किया जा रहा था। आग लगते ही अंदर काम कर रहा स्टाफ जान बचाकर बाहर भागा, वहीं बाहर खाना खा रहे लोगों में भी भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। रोटी-सब्जी सहित अन्य सामान इधर-उधर बिखर गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। आसपास मौजूद लोगों ने मशक्कत कर आग बुझाई। इसके बाद भोजनशाला को तुरंत बंद कर सभी गैस सिलेंडरों को बाहर सुरक्षित स्थान पर रखवाया गया।
हादसे में झुलसी मालदास स्ट्रीट निवासी 65 वर्षीय सज्जन बाई ने बताया कि वह रोटियां सेक रही थीं, तभी खाना बनाने की मशीन से जुड़े तारों में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और आग लग गई। आग की चपेट में आने से उनके हाथ और पैर हल्के झुलस गए, जबकि सिर के आगे के बाल भी जल गए। बाद में उन्हें उपचार के लिए हॉस्पिटल ले जाया गया। उन्होंने बताया कि वह पिछले डेढ़ महीने से यहां काम कर रही हैं।
वहीं प्रत्यक्षदर्शी भूपेंद्र सिंह धायबाई ने बताया कि तेज धमाके जैसी आवाज सुनकर वह नीचे पहुंचे तो भोजनशाला में आग लगी हुई थी। सिलेंडर के बाहर प्रेशर से आग निकल रही थी। इसके बाद हॉस्पिटल की सप्लाई पाइप लाइन की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया और सिलेंडर को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
इधर भोजनशाला संचालक अशोक कुमार ने गैस सिलेंडर में आग लगने की बात से इनकार किया। उन्होंने कहा कि बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी थी और सिलेंडर पूरी तरह सुरक्षित थे। उन्होंने यह भी कहा कि हादसे में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ है।
