गोगुंदा-उदयपुर नेशनल हाईवे पर ट्रेलर ने 30 भेड़ों को रौंदा

मौके से चालक फरार
 | 
udaipur gogunda highyway accident

उदयपुर 25 नवंबर 2025। बड़गांव थाना क्षेत्र में गोगुंदा-उदयपुर नेशनल हाईवे पर मंगलवार को एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क से गुजर रही करीब 30 भेड़ों को कुचल दिया। हादसे में भेड़ों के शव सड़क पर बिखर गए और चारों ओर खून फैल गया। भेड़ों को ले जा रहे चरवाहों ने ट्रेलर को अपनी ओर आता देख कूदकर किसी तरह जान बचाई।

जानकारी के अनुसार हादसा घासियार के पास लंबी ढलान पर हुआ। जब ट्रेलर और भेड़ें दोनों ही गोगुंदा से उदयपुर की ओर आ रहे थे, तभी ट्रेलर की रफ्तार अधिक होने से चालक नियंत्रण खो बैठा और भेड़ों के झुंड पर वाहन चढ़ा दिया। चीखते-चिल्लाते पल भर में एक के बाद एक भेड़ें दम तोड़ती गईं। हादसे के तुरंत बाद चालक ट्रेलर लेकर मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद लगभग आधा घंटे तक हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई और वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर हाईवे पेट्रोलिंग टीम के भगवत सिंह झाला और बड़गांव थाना पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हाईवे को एक तरफ से चलाकर ट्रैफिक को सामान्य किया।

सड़क पर पड़ी भेड़ों के शवों को हटाने की व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों को कठिनाई का सामना करना पड़ा। पुलिस फरार ट्रेलर चालक की तलाश में जुटी है।

#Udaipur #Rajasthan #UdaipurNews #Gogunda #Badgaon #HighwayAccident #RoadSafety #BreakingNews #Animals #TrafficJam