सिर पर पत्थर गिरने से महिला मजदूर की मौत
उदयपुर 26 नवंबर 2025। डबोक थाना क्षेत्र स्थित एक सोप स्टोन फैक्ट्री में काम करते वक्त सिर पर पत्थर गिरने से 33 वर्षीय महिला मजदूर की मौत हो गई। हादसा सोमवार शाम देव कृपा सोप स्टोन फैक्ट्री में हुआ। गंभीर घायल अवस्था में महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। वे फैक्ट्री प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुआवजे की मांग कर रहे हैं।
घटना के अनुसार चंदेसरा निवासी सोवनी बाई फैक्ट्री में रोज की तरह काम कर रही थी। इसी दौरान ऊपर से सोप स्टोन का बड़ा पत्थर उसके सिर पर गिर गया। पत्थर लगते ही वह मौके पर ही गिर पड़ी। साथी कर्मचारियों ने उसे तुरंत निजी अनंता हॉस्पिटल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे सरकारी एमबी हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। बीती रात मंगलवार को इलाज के दौरान सोवनी बाई ने दम तोड़ दिया।
बुधवार सुबह महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में डबोक थाने पहुंच गए। उन्होंने फैक्ट्री में सुरक्षा इंतज़ामों की कमी को हादसे की मुख्य वजह बताया। परिजनों का आरोप है कि फैक्ट्री प्रबंधन ने न तो सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए, और न ही हादसे के बाद उपचार की जिम्मेदारी ली।
डबोक थानाधिकारी हुकम सिंह ने बताया कि हादसे में सोवनी बाई की मौत हुई है। परिजनों की ओर से रिपोर्ट दी गई है, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि मृतका का पति अशोक गमेती भी उसी फैक्ट्री में काम करता है। फैक्ट्री प्रबंधन और परिजनों के बीच मुआवजे को लेकर बातचीत जारी है।
मृतका के पति अशोक गमेती ने कहा कि फैक्ट्री में सुरक्षा नियमों की अनदेखी की जा रही थी, जिसके चलते यह हादसा हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि हादसे के बाद भी फैक्ट्री की ओर से कोई जिम्मेदार व्यक्ति अस्पताल नहीं पहुंचा। अशोक ने बताया कि उनके एक बेटी और तीन बेटे हैं और अब परिवार की जिम्मेदारी पूरी तरह उनके कंधों पर आ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि फैक्ट्री में लंबे समय से सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने फैक्ट्री प्रबंधन पर कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
#Udaipur #Rajasthan #Dabok #UdaipurNews #RajasthanNews #FactoryAccident #WorkerSafety #SoapstoneFactory #IndustrialAccident #UdaipurLive #LocalNewsUdaipur #BreakingNews
