अनियंत्रित कार कुंए में गिरी

गनीमत रही की कोई जनहानि नहीं हुई 

 | 
car fell into well

उदयपुर 19 जनवरी 2025। जिले के बंबोरा कच्छेर अड़िदा मार्ग पर शनिवार दोपहर चालक का ध्यान भटकने से एक कार अनियंत्रित होकर कुएं में गिर गई। लेकिन गनीमत रही की तीन मासूम सहित 7 जनों की जिंदगी बाल-बाल बच गई। 

बंबोरा चौकी प्रभारी सुखदेव जाट ने बताया कि अमरपुरा भदेसर (चित्तौड़गढ़)  निवासी देवीलाल (34) पुत्र सवा रेबारी, इसकी पत्नी सीमा (32), मासूम बेटा करण (5) व लक्ष्य (10) और भांजी मीरा (22) वर्ष व इसका दो महिने का मासूम बेटा व जगु कुमारी (15) वर्ष सभी कार में सवार होकर एक सामाजिक कार्यक्रम में हिस्सा लेकर लौट रहे थे। 

दोपहर करीब तीन बजे कच्छेर मार्ग पर स्थित करमाल के समीप एक मासूम बच्चें को अचानक कार में उल्टी होना शुरू हो गई। जिसपर चालक देवीलाल का ध्यान भटक गया। जिससे कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे कुएं में जाकर गिर गई। लेकिन गनीमत रही कि पानी की सतह से पहले कार कुएं के साइड में स्थित पत्थरों में फंस गई। जिससे कार पानी में डूबने से बच गई। अन्यथा बड़ी अनहोनी घटना हो जाती। लेकिन मासूम बच्चों सहित सभी लोगों की सांसें करीब आधे घंटे तक क्षतिग्रस्त कार में अटकी रही। 

इधर हादसे की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बड़ी मशक्कत से कार में सवार सभी लोगों को सकुशल बाहर निकाला। हालांकि हादसे में सभी को हल्की चोटें आई। इधर कार देर शाम तक कुएं में फंसी रही।
 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News