हाथीपोल में बेकाबू ट्रोले ने खड़ी गाड़ियों को मारी टक्कर
उदयपुर 26 फरवरी 2026। शहर के हाथीपोल थाना क्षेत्र से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है। हाथीपोल मार्केट से सिलावट वाड़ी जाने वाले व्यस्त मार्ग पर स्थित होटल मेवाड़ दर्शन के बाहर उस समय अचानक अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेज रफ्तार ट्रोला अनियंत्रित होकर सड़क पर घुस आया।
देखते ही देखते ट्रोले ने सड़क किनारे खड़ी 4 से 5 गाड़ियों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सभी वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
घटना के बाद आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग तुरंत बाहर निकल आए और कुछ ही पलों में घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन वाहनों को बड़ा नुकसान पहुंचा है। सूचना मिलते ही हाथीपोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से ट्रोले को सड़क से हटाकर यातायात सुचारु करवाया।
पुलिस ने ट्रोला चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रोले के अनियंत्रित होने के कारणों की जांच की जा रही है, जिसमें ब्रेक फेल या चालक की लापरवाही जैसे पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
#Udaipur #Hathipole #UdaipurNews #RajasthanNews #UdaipurBreaking #HathipoleMarket #RoadAccident #UdaipurPolice #SilawatWadi #MewarNews
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
