उदयपुर मे ट्रक की चपेट मे आई महिला की मौत, भीड़ ने ट्रक में लगाई आग

 | 
Woman Death In Accident in Udaipur

 

Udaipur Times, Accident News:  उदयपुर शहर के सवीना थाना क्षेत्र के तीतरड़ी-गुप्तेश्वर रोड पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार महिला की ट्रक की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने ट्रक चालक को पकड़ लिया और ट्रक के केबिन में आग लगा दी। इसके बाद लोगों ने मौके पर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

हादसा तीतरड़ी-गुप्तेश्वर रोड पर सुबह करीब 8 बजे हुआ। सवीना थानाधिकारी दलबीर सिंह के अनुसार, मृतका की पहचान निर्मला साहू (48), पत्नी कन्हैयालाल साहू, निवासी तीतरड़ी के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, ट्रक तीतरड़ी गांव की तरफ आ रहा था। इसी दौरान तीतरड़ी-गुप्तेश्वर रोड पर सामने से आ रही स्कूटी को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार निर्मला साहू की मौके पर ही मौत हो गई। महिला घटनास्थल के पास ही रहती थीं, जिसके चलते हादसे की सूचना मिलते ही उनके परिजन और आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए।

हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने ट्रक चालक को पकड़ लिया। इस दौरान कुछ लोगों ने ट्रक के केबिन में आग लगा दी। बताया जा रहा है कि जिस परिवार ने ट्रक चालक को बचाने की कोशिश की, उस पर भी लोगों ने हमला करने का प्रयास किया।

सूचना मिलने पर सवीना थानाधिकारी दलबीर सिंह पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने भीड़ से ट्रक चालक को सुरक्षित बाहर निकाला और अपने कब्जे में लिया। इसके बाद पुलिस ने लोगों से समझाइश कर मामला शांत करवाया।

परिजनों और स्थानीय लोगों ने पुलिस पर घटनास्थल पर पहुंचने में देरी का आरोप भी लगाया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News