ऋषभदेव के लोणदा तालाब में डूबकर महिला की मौत
उदयपुर 15 अप्रैल 2026। ज़िले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र की तहसील ऋषभदेव से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। लोणदा तालाब में बकरी नहलाने गई एक महिला का पैर फिसलने से वह पानी में डूब गई, जिससे उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को घटना की सूचना मिली। इसके बाद राजस्थान नागरिक सुरक्षा विभाग उदयपुर के उप नियंत्रक दीपेंद्र सिंह राठौड़ को अवगत कराया गया। सूचना मिलते ही जिला स्पेशल टीम का गठन कर मौके पर रवाना किया गया, लेकिन अंधेरा होने के कारण मंगलवार शाम को रेस्क्यू ऑपरेशन रोकना पड़ा।
बुधवार सुबह दोबारा रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। टीम ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद तालाब से महिला का शव बरामद कर कल्याणपुर थाना पुलिस को सौंप दिया।
मृतका की पहचान गीता देवी (45) पत्नी देवी लाल मीणा के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
रेस्क्यू ऑपरेशन में वाहन चालक प्रकाश राठौड़, गोताखोर विपुल चौधरी, नरेश चौधरी, सचिन कंडारा, विजय नकवाल, भवानी शंकर वाल्मीकि, नरेंद्र सिंह झाला, बोट ऑपरेटर कैलाश मेनारिया सहित प्रशिक्षु जवान गजेंद्र, अनिल और पियूष की टीम शामिल रही।
#UdaipurNews #RajasthanNews #Rishabhdeo #Kalyanpur #UdaipurRural #DungarpurBorder #MewarNews #LocalNewsRajasthan #BreakingUdaipur #UdaipurUpdates
