गोगुंदा-पिंडवाड़ा हाईवे पर कारो की भिड़ंत में युवती की मौत, 4 गंभीर घायल
कृष्ण कन्हैया होटल कट पर दो कारों की आमने-सामने भिड़ंत
उदयपुर 11 मई 2026। ज़िले के गोगुन्दा में हादसों के लिए कुख्यात गोगुंदा-पिंडवाड़ा हाईवे पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जहां हाईवे स्थित कृष्ण कन्हैया होटल के कट पर दो कारों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक कार कई बार पलटी खाते हुए बीच सड़क पर पलट गई। हादसे में एक युवती की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दोनों कारों में सवार 4 लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार सुमेरपुर निवासी डिंपल कपूरचंद सुथार (24), जीनल कपूरचंद सुथार (18), वरुण व उसकी बहन डिंपल जयंतीलाल सुथार कार से सुमेरपुर से उदयपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उदयपुर की तरफ से आ रही एक कार के यू-टर्न लेने के दौरान दोनों वाहनों में आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के बाद सुमेरपुर की ओर से आ रही कार अनियंत्रित होकर कई पलटियां खाती चली गई।
हादसे में डिंपल कपूरचंद सुथार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार में सवार दो युवक, दो महिलाओं सहित अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरी कार में सवार पांच लोगों को मामूली चोटें आई हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और जाम जैसी स्थिती बन गई।
सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस के पायलट भंवर सिंह झाला व EMT महावीर सिंह और गोगुंदा थाना पुलिस के एएसआई नंदलाल नागदा मय जाब्ता भी घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस से गोगुंदा अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने डिंपल को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल दो महिलाओं व एक युवक को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया।
पुलिस ने शव को गोगुंदा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर परिजनों को सूचना दी है। वहीं हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू करवाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए। हालांकि दूसरी कार में सवार लोग बाल-बाल बच गए। वही पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
#Udaipur #Gogunda #RoadAccident #RajasthanNews #HighwayAccident #CarCrash #UdaipurNews #BreakingNews #GogundaPindwaraHighway
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
