फतेहसागर झील में मिला युवक का शव, गोताखोरों ने निकाला बाहर
Udaipur Times, Accident News:। फतेहसागर झील में एक व्यक्ति का शव पानी में तैरता हुआ नजर आने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर राजस्थान नागरिक सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से शव को झील से बाहर निकाला।
राजस्थान नागरिक सुरक्षा विभाग उदयपुर के उप नियंत्रक दीपेंद्र सिंह राठौर के आदेश और सहायक प्रशासनिक अधिकारी धर्मेंद्र कश्यप के निर्देशन में टीम को मौके पर भेजा गया। टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला और अंबामाता थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान उसके पास मिले आधार कार्ड के आधार पर युसूफ अली हुसैन कोठारी निवासी 205 बी ब्लॉक हयात मेंशन न्यू अश्विनी बाजार उदयपुर के रूप में हुई है।
नागरिक सुरक्षा विभाग की टीम में वाहन चालक कैलाश मेनारिया तथा गोताखोर विजय नकवाल, विपुल चौधरी, नरेश चौधरी और विष्णु राठौर सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
अंबामाता थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मौत के कारणों और व्यक्ति के झील तक पहुंचने की परिस्थितियों का पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।
