उदयपुर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच में 12 सैंपल सब-स्टैंडर्ड, दुकानदारों को नोटिस

 | 
Food Safety Campaign

 

 

Udaipur Times, Food Safety Campaign: उदयपुर जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं मानक विभाग की टीम ने अलग-अलग प्रतिष्ठानों से लिए गए 12 खाद्य सैंपल को सब-स्टैंडर्ड पाया है। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद संबंधित दुकानदारों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।

CMHO डॉ. अशोक आदित्य ने बताया कि पिछले दिनों उदयपुर में विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए गए थे। जांच के दौरान सांवरिया स्वीट्स एवं नमकीन, वल्लभनगर से मावा बर्फी, अरोड़ा नमकीन चाट भंडार से दही, शास्त्री सर्कल स्थित होटल अशोक से हैदराबादी बिरयानी, जोधपुर स्वीट होम खेरवाड़ा और संजय/सन्मुख सितलानी के गोदाम से मिल्क केक एवं मावा बर्फी के सैंपल सब-स्टैंडर्ड पाए गए।

इसके अलावा बरकत कॉलोनी में दशरथ डांगी के टेम्पो को रुकवाकर पनीर का सैंपल लिया गया था। भटकोर स्थित कृष्णा मिल्क फूड एंड ट्रेडिंग कंपनी के गुलाबजामुन व घेवर के सैंपल भी जांच में सब-स्टैंडर्ड पाए गए।

इसी तरह श्री महावीर दूध डेयरी से लिए गए घी के सैंपल में भी मानकों के अनुरूप गुणवत्ता नहीं पाई गई। खाद्य विभाग ने इन सभी फर्मों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नोटिस जारी किए हैं।

विभाग के अनुसार संबंधित प्रतिष्ठानों से जवाब मांगा गया है। जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। खाद्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद मिलावट और मानकों पर खरे नहीं उतरने वाले खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहने की बात कही गई है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News