15 क्विंटल 80 किलोग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक कैरीबैग जब्त
उदयपुर 19 फ़रवरी 2026। नगर निगम द्वारा एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 क्विंटल से भी अधिक सिंगल यूज प्रतिबंधित प्लास्टिक को जब्त किया गया है।
उदयपुर शहर में लगातार बढ़ते हुए प्लास्टिक केरिबेग उपयोग को देखते इसकी धड़पकड़ हेतु नगर निगम द्वारा विशेष अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान के तहत विभिन्न प्रतिष्ठानों एवं ट्रांसपोर्ट कार्यालयों पर आकस्मिक निरीक्षण कर प्रतिबंधित प्लास्टिक को जब्त करने की सख्त कार्यवाही की जाएगी।
आयुक्त खन्ना द्वारा इस अभियान में आमजन से सहयोग की अपील भी की गई थी, इसी अपील के परिणाम में पहली बार आमजन से शिकायत मिली कि ट्रांसपोर्ट नगर, बलीचा दाता श्री होटल के पास अरविन्द के गोदाम में सिंगल युज प्लास्टिक का भण्डारण कर विक्रय किया जा रहा है। सूचना पर निगम पुलिस निरीक्षक मांगी लाल डांगी को मय टीम भेजा गया।
टीम ट्रांसपोर्ट नगर, बलीचा में दाता श्री होटल के पास प्लाट नं. D-29 पर पहुंची जहां गोदाम मालिक अरविन्द निवासी ट्रांसपोर्ट नगर उपस्थित मिला।नियमानुसार गोदाम की तलाशी ली गई। गोदाम में प्लास्टिक के कट्टे चेक करने पर अन्दर अलग अलग रंग की प्रतिबन्धित प्लास्टिक कैरी बैग मिलें। कुल 53 प्लास्टिक बैग में प्रतिबन्धित प्लास्टिक कैरी बैग का वजन 15 क्विंटल 80 किलोग्राम हुआ। प्रतिबन्धित प्लास्टिक कैरी बैग के सभी 53 बैग जब्त किये गये।
निगम का सहयोग करें शहरवासी।
नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बुधवार हुई कार्रवाई में आमजन के सहयोग हेतु आभार व्यक्त किया है। आयुक्त ने कहा कि शहर की सुंदरता को बनाए रखने में शहर के आमजन का सक्रिय योगदान रहता है, शहर के पर्यावरण प्रेमी द्वारा की गई शिकायत पर निगम द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित प्लास्टिक की बड़ी खेप को जब्त किया है। इसी प्रकार आमजन किसी भी प्रकार की सूचना नगर निगम में प्रेषित करें जिससे निगम तत्काल कार्रवाई कर शहर की सुंदरता बिगाड़ने वाले पर एक्शन ले सके।
#Udaipur #Rajasthan #PlasticBan #EnvironmentalAction #CityCleanliness #PlasticSeizure #UdaipurNews #SingleUsePlastic #PlasticRegulation #CitizenAction
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
