चित्तौड़गढ़ के राशमी में 413 किलो संदिग्ध नकली घी जब्त, जांच के लिए भेजे सैंपल
Udaipur Times, Chittorgarh News: राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के राशमी कस्बे में DST, खाद्य सुरक्षा विभाग (FSO) और राशमी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक मकान और दुकान से 413 किलो संदिग्ध घी जब्त किया है। घी के डिब्बों पर अलग-अलग ब्रांड के नाम और सरस घी अंकित मिला। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने घी के नमूने लेकर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया की है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए DST को विशेष निर्देश दिए गए हैं। इसी के तहत बुधवार को डीएसटी प्रभारी ASI सूरज कुमार को मुखबिर से सूचना मिली कि राशमी कस्बे में अनिल पोखरना के मकान और दुकान में देसी घी का भंडारण कर बिक्री की जा रही है।
सूचना के आधार पर DST टीम ने खाद्य सुरक्षा अधिकारियों और राशमी थाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंचकर मकान और दुकान की तलाशी ली। इस दौरान वहां अलग-अलग मार्का के टिन और प्लास्टिक के डिब्बों में घी मिला। डिब्बों पर सरस घी लिखा हुआ था।
घी संदिग्ध प्रतीत होने पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने नमूने लिए। इसके बाद घी के डिब्बों को सील कर कमरे में रखा गया और कमरे को भी सील किया गया। जब्त घी का कुल वजन 4 क्विंटल 13 किलो यानी 413 किलोग्राम बताया गया है।
कार्रवाई में राशमी थाना पुलिस, DST और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम शामिल रही। घी के नमूनों की प्रयोगशाला जांच के बाद ही उसकी गुणवत्ता और वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।