60 किलो थैलियों को जब्त तक कर वसूले 65000 रुपए

सिंगल यूज प्लास्टिक को लेकर निगम सख्त
 | 
plastic

उदयपुर 10 जनवरी 2025। प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ नगर निगम द्वारा अभी तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश के निर्देश पर स्वास्थ्य शाखा की टीम द्वारा शहर के सभी 10 सेक्टर में एक साथ एक समय आकस्मिक अभियान चलाकर 60 किलो सिंगल यूज प्रतिबंधित प्लास्टिक को जब्त कर 65000 रुपए की शास्ती वसूली गई।  

नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश ने बताया कि प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग पर सख्ती करने हेतु लगातार अभियान चलाए गए है। गुरुवार को पहली बार अभी तक का सबसे बड़ा अभियान चलाकर पूरे शहर में एक साथ एक समय कार्रवाई को अंजाम देते हुए 60 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक को जब्त किया गया। इस अभियान में निगम की गठित की गई टीम में सभी 10 सेक्टर ऑफिसर ने शहर में विभिन्न स्थानों पर आकस्मिक अभियान चला थैलियों को जब्त किया गया। 

plastic

स्वास्थ्य अधिकारी सत्यनारायण शर्मा, स्वास्थ्य निरीक्षक सुभाष चंद्र शर्मा, नरेंद्र श्रीमाली आदि के नेतृत्व में टीमों द्वारा शहर के अलग-अलग स्थानो का आकस्मिक निरीक्षण किया। अधिकारियों कर्मचारियों द्वारा शहर में निगम के सेक्टर 1 से 10 तक के सभी क्षेत्रों में जैसे माली कॉलोनी, सेक्टर, आयड, यूनिवर्सिटी रोड, आरके सर्कल, साइफन चौराहा, शहर कोट अंदर, हाथीपोल, चेतक सर्कल, मुल्ला तलाई आदि क्षेत्र में स्थित सभी प्रतिष्ठानों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया, अभियान में 60 किलो प्लास्टिक जब्त कर 65000 रुपए की शास्ती वसूली गई साथ ही सभी को भविष्य में सिंगल यूज प्लास्टिक उपयोग नहीं करने की चेतावनी भी दी गई। 

आयुक्त ने फिर मांगा सहयोग

नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश ने शहर के सभी व्यापारी वर्ग से अपील करते हुए कहा कि व्यापारी सिंगल यूज प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग नहीं करें। शहरवासियों से कपड़े की ठेली या पेपर बैग का उपयोग करने हेतु स्वयं अपने स्तर पर प्रयास करें। आयुक्त ने पहले भी अपील जारी कर कहा था कि निगम का उद्देश्य व्यापारी वर्ग से धन वसूली करना नही है, माननीय न्यायालय के आदेश का पालन करवाने में सख्ती जरूरी है। प्लास्टिक के उपयोग को लेकर एनजीटी द्वारा सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। अतः सभी शहरवासी निगम के इस अभियान में सहयोग देकर अपना नैतिक दायित्व का निर्वहन करें। आयुक्त ने कहा कि कई स्वयं सेवी संस्थाएं, मीडिया जगत जन जागरण अभियान चलाकर प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग को रोकने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर रहे है। कपड़े, झूट के बैग भी बांटे गए हैं। अब हमें अपनी आदत को सुधार कर प्लास्टिक के उपयोग को बंद करना होगा।

लगातार जारी रहेगा अभियान

नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश ने स्पष्ट किया है कि अब से यह अभियान लगातार जारी रहेगा। शहर में किसी भी प्रतिष्ठान पर आकस्मिक निरीक्षण किया जाएगा एवं प्रतिबंधित प्लास्टिक पाए जाने पर नियम अनुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। नगर निगम सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ किसी भी तरह की कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी। 

सफाई पर भी रहेगा फोकस 

नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश ने बताया कि गुरुवार को सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ शुरू किए गए अभियान के दौरान शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर भी कार्रवाई की गई है। गुरुवार को फ़तह स्कूल के बाहर विभिन्न ठेला संचालकों से गंदगी करने पर ₹5000 की सास्ती वसूली गई है। सभी व्यवसाईयों से अपील है कि वह अपना कचरा नगर निगम द्वारा अधिकृत संस्थान ट्रेसोनोमी को ही सुपुर्द करें जिससे उन्हें किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं हो।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News