Udaipur Times, Udaipur News: उदयपुर के हिरण मगरी सैक्टर -5 से 70 किलो मिलावटी घी बरामद किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अशोक आदित्य ने बताया कि कार्यालय में प्राप्त शिकायत पर कार्रवाई करते हुए खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक कुमार गुप्ता एवं नरेन्द्र सिंह चौहान की टीम 70 किलो मिलावटी घी बरामद किया गया।
शिकायत प्राप्त हुई थी कि श्री कृष्णा डेयरी पोस्ट आफिस के पीछे, हिरण मगरी सैक्टर -5 पर मिलावटी घी बेचा जा रहा है, उक्त घी डेयरी मालिक शंकर लाल पटेल एकलिंगपुरा सि्थित अपने मकान पर बनाकर यहां डेयरी पर रख कर बेचता है।
इस पर आज खाद्य सुरक्षा दल ने इस डेयरी पर दबिश दी। डेयरी पर निरीक्षण के दौरान घी नहीं मिला,इस पर डेयरी संचालक से घी के संदर्भ में पूछताछ की तो तो उसने घी नहीं बेचने की बात की तथा एकलिंगपुरा में किसी प्रकार का मकान होने से इंकार किया। सख्ती से पूछताछ करने पर एकलिंगपुरा स्थित अपने मकान पर ले कर गया, जहां 2 केनो में करीब 70-71 किलो घी तथा 1 केन में करीब 30 किलो क्रीम आम जनता को बिक्री वास्ते रखी पायी।
पूछताछ करने पर डेयरी संचालक ने स्वीकार किया कि उक्त घी क्रीम एवं वनस्पति मिलाकर तैयार कर उसके स्वयं के द्वारा तैयार किया गया है, जिसे सैक्टर -5 स्थित श्री कृष्णा डेयरी पर बिक्री किया जाता है तथा गांवों में होने वाले शादी -समारोह,प्रसादी वाले घरों आदि में बेचा जाता है।
इस पर घी एवं क्रीम के दो नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच हेतु भिजवाए गए हैं तथा शेष 70 किलो घी को जप्त कर सीज कर दिया गया। प्रयोगशाला से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जावेगी ।
इसके बाद खाद्य सुरक्षा दल ने काया स्थित कमल दीप होटल पर जांच की तथा पनीर एवं धनिया पाउडर का नमूना जांच हेतु लिया गया। खाद्य सुरक्षा दल ने बताया अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा मिलावट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जावेगी।