Udaipur Times, UMC Election 2026: नगर निकाय चुनाव 2026 के तहत नामांकन प्रक्रिया जारी है। चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवारों में खासा उत्साह है। नामांकन प्रक्रिया के तहत शनिवार को जिले की एक नगर निगम और 5 नगरपालिकाओं में कुल 86 उम्मीदवारों ने 93 नामांकन पत्र दाखिल किए।
अब तक जिले में कुल 93 उम्मीदवार 100 नामांकन दाखिल कर चुके हैं। नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त अपराह्न 3 बजे तक निर्धारित है।
जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार गत 27 अगस्त को अधिसूचना जारी होने के साथ ही जिले के सभी नगर निकायों में नामांकन प्रक्रिया चल रही है।
80 वार्डों वाली उदयपुर नगर निगम में शनिवार को 27 उम्मीदवारों ने 33 पर्चे दाखिल किए। इसके साथ ही नगर निगम में अब तक कुल 29 उम्मीदवारों की ओर से 35 पर्चे भरे गए हैं। वहीं भीण्डर में 6 उम्मीदवारों ने 6 नामांकन पत्र जमा कराए। वल्लभनगर नगरपालिका में 38 उम्मीदवारों ने 38 पर्चे दाखिल किए। मावली में 11 उम्मीदवारों ने 11, फतहनगर सनवाड़ में 4 उम्मीदवारों ने 5 नाम निर्देशन पत्र जमा कराए।
इस प्रकार भीण्डर में अब तक कुल 8, वल्लभनगर में 40, फतहनगर में 6 और मावली में 11 नाम निर्देशन पत्र जमा हुए हैं। कानोड़ में अब तक किसी भी उम्मीदवार ने नामांकन पत्र नहीं जमा कराया है।
सोमवार को अंतिम दिन
नगर निकाय चुनाव के लिए नामांकन की अंतिम तिथि 31 अगस्त को अपराह्न 3 बजे तक निर्धारित है। इस बीच 30 अगस्त को रविवारिय अवकाश होने से नामांकन पत्र जमा नहीं होंगे। ऐसे में अब उम्मीदवारों के पास 31 अगस्त सोमवार को नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने का अंतिम अवसर रहेगा।