दिल्ली गेट पर पुरानी व्यवस्था बहाल

अब नहीं लगाना पड़ेगा कंट्रोल रूम का चक्कर  

 | 
delhi gate

उदयपुर 21 जनवरी 2023। दिल्ली गेट पर गत 27 दिसंबर से लागू कंट्रोल रूम की परिक्रमा का प्रयोग 23 दिन बाद खत्म हो गया है। कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस, प्रशासन और नगर निगम ने शुक्रवार को पुरानी व्यवस्था बहाल कर दी। अब कलेक्ट्रेट से अश्विनी बाजार, सूरजपोल से अश्विनी बाजार जानें वाले वाहनों को पुलिस कंट्रोल रूम का चक्कर नहीं लगाना होगा। ये वाहन पहले की तरह सीधे आ-जा सकेंगे, क्योंकि बैरिकेड्स हटा दिए गए हैं।

इससे पहले कोर्ट ऑर्डर की कॉपी कलेक्टर ताराचंद मीणा, एसपी विकास शर्मा, नगर निगम आयुक्त वासुदेव मालावत, आरटीओ पीएल बामनिया के कार्यालय में पहुंची। कलेक्टर ने विधिक राय लेने के बाद एसपी ऑफिस को सूचना भिजवाई कि दिल्ली गेट पर लगे बैरिकेड्स खोल दिए जाएं और पुरानी यातायात व्यवस्था को लागू किया जाए। 

एसपी के निर्देश पर यातायात पुलिस के जवानों ने बैरिकेड्स हटा दिए। बता दें, कोर्ट ने गत 17 जनवरी को पुलिस कंट्रोल रूम की परिक्रमा के नए प्रयोग को रोड  कांग्रेस सहित अन्य नियमों के खिलाफ बताया । साथ ही दिल्ली गेट पर प्रयोगात्मक यातायात व्यवस्था पर अंतरिम निषेधाज्ञा से रोक लगाते हुए आदेश दिए कि बिना नियम पालना कार्रवाई किए परिवर्तन को बिना देर किए हटाया जाए। 

कंट्रोल रूम का चक्कर खत्म, सभी मार्गों पर सीधा आना-जाना

प्रशासन, पुलिस और नगर निगम ने दिल्ली गेट पर 27 दिसंबर से नई यातायात व्यवस्था लागू की थी। इसके तहत कलेक्ट्रेट से अश्विनी बाजार, सूरजपोल- बापू बाजार से अश्विनी बाजार और धानमंडी से अश्विनी बाजार जाने वाले वाहनों को पुलिस कंट्रोल रूम के आगे से चक्कर कटवाकर निकाला जा रहा था। पुलिस कंट्रोल रूम के आगे के डिवाइडर भी हटा दिए गए थे। अश्विनी बाजार के डिवाइडर पर बने फव्वारे का काफी हिस्सा भी तोड़ दिया था। पुरानी व्यवस्था के तहत चौराहे से सीधे आर-पार निकला जा सकेगा।

 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News