उदयपुर के लखावली में बन रहा नया सरकारी कॉलेज, SDO ने जांचा निर्माण कार्य
Udaipur Times, Udaipur Local News: उपखंड अधिकारी (SDO) बड़गांव मनसुख डामोर ने सोमवार को लखावली स्थित निर्माणाधीन राजकीय महाविद्यालय, बड़गांव के भवन का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति एवं गुणवत्ता का अवलोकन किया। लगभग चार करोड़ रुपये की लागत से तैयार किए जा रहे इस महाविद्यालय भवन के निर्माण कार्य का उन्होंने मौके पर जाकर बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान SDO डामोर ने कार्यकारी एजेंसी एवं संवेदक को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप ही किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण सामग्री अथवा निर्माण कार्य की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही या समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही उन्होंने निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि गुणवत्ता और समयबद्धता दोनों सुनिश्चित की जाएं।
उपखंड अधिकारी ने निर्माण कार्य से जुड़े अधिकारियों से प्रगति की जानकारी भी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार बड़गांव हितेश त्रिवेदी, लखावली ग्राम पंचायत के प्रशासक मोहन डांगी, लखावली के पटवारी तथा ग्राम विकास अधिकारी भी उपस्थित रहे।
