सज्जनगढ़ इको सेंसेटिव जोन मे नियम विरुद्ध निर्माण और व्यावसायिक गतिविधियों पर होगी कार्रवाई

 | 
Sajjangarh Eco Sensitive Zone

 

Udaipur Times, Udaipur News: सज्जनगढ़ इको सेंसेटिव जोन मॉनिटरिंग कमेटी की बैठक बुधवार को जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट के मिनी सभागार में आयोजित हुई।

बैठक में इको सेंसेटिव जोन के नियमों की पालना, निर्माण एवं संचालन संबंधी अनुमति आवेदनों तथा क्षेत्र में संचालित विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा की गई।

जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि इको सेंसेटिव जोन के एक किलोमीटर के बफर एरिया में किसी भी प्रकार के होम स्टे, पेइंग गेस्ट सहित अन्य व्यावसायिक गतिविधियां अनुमत नहीं हैं। उन्होंने संबंधित विभागों को इस क्षेत्र में नियमों की सख्ती से पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने यूडीए सहित विभिन्न संबंधित विभागों को बफर जोन की नियमित मॉनिटरिंग करने और नियमों के विरुद्ध किए जा रहे निर्माण कार्यों एवं गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की पर्यावरणीय संवेदनशीलता को देखते हुए नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में आसपास के क्षेत्र में संचालित होटल संचालकों को तेज आवाज में डीजे एवं अन्य ध्वनि विस्तारक यंत्र नहीं बजाने की हिदायत देने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही होटलियर्स के साथ समय-समय पर संवाद आयोजित कर उन्हें इको सेंसेटिव जोन के प्रावधानों, नियमों एवं प्रतिबंधित गतिविधियों के बारे में जागरूक करने पर जोर दिया।

बैठक में नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना, उप वन संरक्षक (वन्यजीव) अनुराग भटनागर, बड़गांव एसडीएम मनसुख डामोर सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News