1 मार्च से निगम के सभी आंतरिक कार्य होंगे ऑनलाइन

निगम ने शुरू की कवायद

 | 
UMC

उदयपुर 21 फ़रवरी 2024। नगर निगम में 1 मार्च से निगम द्वारा संपादित होने वाले सभी प्रकार के आंतरिक कार्य ई-फाइलिंग के माध्यम से संपूर्ण किए जाएंगे, इसको लेकर बुधवार को एकदिवसीय कार्यशाला का आयोजन कर नगर निगम के सभी अधिकारियों कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया गया।

नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश ने बताया कि निगम के कार्यों को और अधिक सुगम, पारदर्शी के साथ ही तय अवधि में पूर्व करने के उद्देश्य से 1 मार्च से नगर निगम के सभी आंतरिक कार्य ई- फाइलिंग के माध्यम से संपूर्ण होंगे। 

पहले सभी शाखाओं के कार्य नोटशीट के माध्यम से अग्रिम कार्रवाई हेतु फाइल तैयार कर प्रेषित की जाती थी। इस प्रक्रिया में अनावश्यक देरी एवं कई तरह की समस्या हो रही थी, अब ई फाइलिंग कार्य शुरू किया जाएगा।

इसका बुधवार को एक दिवसीय प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण दो पारियों में आयोजित किया गया जिसमे सभी कर्मचारियों ने व्यवस्था अनुसार एक पारी में भाग लेकर अपने आप को प्रशिक्षित किया है।

आवेदक भी रख सकेंगे जानकारी 

नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश ने बताया कि निगम द्वारा संपन्न होने वाले कार्यों में आवेदक जिसने नगर निगम में किसी कार्य हेतु कोई आवेदन प्रस्तुत किया है उसको अपने कार्य की वर्तमान स्थिति के बारे में ऑनलाइन ही जानकारी प्राप्त हो सकेगी। जिससे शहर वासियों को भी बार-बार निगम के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News