एनएचएम एंबुलेंस सेवाओं को लेकर सरकार के सख्त निर्देश

मरीजों को देनी होगी निःशुल्क सेवा
 | 

जयपुर 7 फ़रवरी 2026। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत संचालित एंबुलेंस सेवाओं को लेकर राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। मिशन निदेशक एनएचएम एवं पदेन सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि राज्य में संचालित सभी एंबुलेंस वाहनों को आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गोल्डन ऑवर में प्रभावी रूप से संचालित किया जाए।

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि जारी आरएफपी की क्लॉज 2.2 के अंतर्गत यह सुनिश्चित किया जाए कि आपात स्थिति में मरीज अथवा परिजनों की इच्छा के अनुसार मरीज को नजदीकी निजी चिकित्सालय तक निःशुल्क एंबुलेंस परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जाए। इसका उद्देश्य गंभीर मरीजों को समय पर उपचार दिलाना और जान बचाने की संभावनाओं को बढ़ाना है।

यह निर्देश स्टेट हेड राजस्थान, टेलीकम्युनिकेशंस कंसल्टेंट्स इंडिया लिमिटेड, ईएमआरआई ग्रीन हेल्थ सर्विसेज सहित संबंधित एजेंसियों को भेजा गया है, ताकि एंबुलेंस सेवाओं के संचालन में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।