उदयपुर जिले में पंचायत आम चुनाव 2026 के लिए एरिया मजिस्ट्रेट नियुक्त

 | 
Udaipur Panchayat Election 2026

 

Udaipur Times, Udaipur Panchayat Election 2026: उदयपुर जिले मे पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव 2026 के तहत शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान के लिए जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल ने एरिया मजिस्ट्रेट नियुक्त किए हैं। जिले में पंचायत समिति सदस्य एवं जिला परिषद सदस्य के चुनाव तीन चरणों में संपन्न होंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए प्रथम चरण का मतदान 22 अक्टूबर, द्वितीय चरण का 28 अक्टूबर तथा तृतीय चरण का 3 नवंबर को होगा। वहीं, पंच सरपंच के लिए प्रथम चरण का मतदान 24 अक्टूबर, द्वितीय चरण का 30 अक्टूबर तथा तृतीय चरण का 5 नवंबर को निर्धारित है। ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर पंच एवं सरपंच पदों के लिए मतगणना क्रमशः 24 अक्टूबर, 30 अक्टूबर एवं 5 नवंबर को होगी।

प्रथम चरण में झाड़ोल, फलासिया, ओगणा, गिर्वा, नाई, मावली, घासा, वल्लभनगर, भींडर एवं कुराबड़ पंचायत समितियों में एरिया मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। द्वितीय चरण में गोगुंदा, सायरा, बड़गांव, कोटड़ा, देवल और सुलाव तथा तृतीय चरण में खेरवाड़ा, नयागांव, ऋषभदेव एवं कल्याणपुर क्षेत्र में एरिया मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं।

नियुक्त एरिया मजिस्ट्रेट जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य के मतदान दिवस से लगातार पंच एवं सरपंच पदों की मतगणना का कार्य समाप्त होने तक अपने क्षेत्रों में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिम्मेदार रहेंगे। जिला मजिस्ट्रेट ने सभी नियुक्त अधिकारियों को अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (नगर), उदयपुर के निरंतर संपर्क में रहने तथा किसी भी महत्वपूर्ण घटना की सूचना तत्काल देने के निर्देश दिए हैं।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News