उदयपुर के पेट्रोल पंपों पर शॉर्ट डिलीवरी पर दो नोजल बंद कर लगाया 24,000 रुपये का जुर्माना
Udaipur Times, Udaipur News उपभोक्ताओं को पेट्रोल एवं डीजल की निर्धारित मात्रा और शुद्धता सुनिश्चित करवाने के लिए उदयपुर जिले में पेट्रोल पंपों का औचक एवं सघन निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान निर्धारित मात्रा से कम ईंधन वितरण (शॉर्ट डिलीवरी) की शिकायतों की पुष्टि के लिए 5 लीटर क्षमता वाले प्रमाणित माप पात्र से जांच की गई। इस कार्रवाई में आशा फिलिंग स्टेशन एवं प्रदीप ऑटोमोबाइल के एक-एक नोजल से ईंधन की शॉर्ट डिलीवरी पाई गई, जिस पर विभाग ने तत्काल प्रभाव से दोनों नोजलों से बिक्री बंद करवाते हुए प्रत्येक पंप संचालक पर 10,000 रुपये का जुर्माना लगाया।
इसके अतिरिक्त, मौके पर सत्यापन प्रमाण पत्र प्रदर्शित न करने की अनियमितता पाए जाने पर माँ काली सर्विस सेंटर पर 500 रुपये तथा उदय फिलिंग स्टेशन पर 2,500 तथा चौतन्य फ्यूल्स पर 1000 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
वहीं, कबीर फिलिंग स्टेशन (IOCL), उदय पेट्रोल (Nayara) तथा पंकज फिलिंग स्टेशन (BPCL) के निरीक्षण के दौरान माप-तौल एवं ईंधन वितरण व्यवस्थाएं पूरी तरह नियमानुसार सही और संतोषजनक पाई गईं।
कार्रवाई के पश्चात विधिक माप विज्ञान अधिकारियों ने जिले के समस्त पेट्रोल पंप संचालकों को डिस्पेंसिंग यूनिट का समय पर सत्यापन करवाने और सत्यापन प्रमाण पत्र को सहज दृश्य स्थान पर अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने के कड़े निर्देश दिए हैं।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ता हितों की रक्षा के लिए यह विशेष जांच अभियान निरंतर जारी रहेगा और भविष्य में भी माप-तौल में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर नियमानुसार सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
विधिक माप विज्ञान विभाग के अधिकारी निलेश कुमार खांट एवं हिमानी सिंह सोलंकी के नेतृत्व में गठित दल ने विभिन्न पेट्रोल पंपों पर ईंधन वितरण व्यवस्था, डिस्पेंसिंग यूनिट (नोजल) तथा माप उपकरणों के सत्यापन की गहन जांच की।