उदयपुर में अवैध पहाड़ी कटिंग पर प्राधिकरण की कार्रवाई, जेसीबी और डंपर जब्त
Udaipur Times, Udaipur News: शहर में पहाड़ियों की अवैध कटिंग और कृषि भूमि पर अवैध कॉलोनियां विकसित करने के खिलाफ उदयपुर विकास प्राधिकरण ने कार्रवाई की। ब्राह्मणों की हुंदर (मदार) क्षेत्र में पहाड़ी काटकर जमीन समतल करने और प्लानिंग बनाने के दौरान मौके से एक जेसीबी और डंपर जब्त किया गया।
प्राधिकरण की टीम ने राजस्व ग्राम ब्राह्मणों की हुंदर स्थित आराजी संख्या 1085, रकबा 0.8700 हेक्टेयर भूमि पर कार्रवाई की। राजस्व रिकॉर्ड में खातेदारों के नाम दर्ज इस भूमि पर मौके पर पहाड़ी क्षेत्र को काटकर समतलीकरण किया जा रहा था। यहां कृषि भूमि पर बिना भू-रूपांतरण और भू-उपयोग परिवर्तन के 'पांच एकड़ टर्मिनेलिया' नाम से अवैध कॉलोनी विकसित करने की प्लानिंग की जा रही थी।
कार्रवाई के दौरान मौके पर पहाड़ी कटिंग में लगी एक जेसीबी मशीन और एक डंपर मिला, जिन्हें प्राधिकरण कार्यालय लाया गया। प्राधिकरण ने संबंधित तहसील बड़गांव को राजस्थान काश्तकारी अधिनियम 1955 की धारा 177 के तहत कार्रवाई कर खातेदारी अधिकार निरस्त करने के लिए पत्र लिखा है। वहीं, अवैध खनन के संबंध में खनन विभाग को भी कार्रवाई के लिए पत्र भेजा गया है।
प्राधिकरण अधिकारियों के अनुसार नवीन पहाड़ियों के संरक्षण के लिए मॉडल विनियम-2024 के तहत बिना स्वीकृति और पट्टा प्राप्त किए पहाड़ी कटिंग की अनुमति नहीं है। इसके बावजूद मौके पर पहाड़ी काटने का काम किया जा रहा था।
प्राधिकरण आयुक्त अभिषेक खन्ना के निर्देश पर पिछले कुछ महीनों से पहाड़ी कटिंग और अवैध निर्माण के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में यह कार्रवाई तहसीलदार प्रथम रमेश राजपुरोहित के निर्देशन में राजेन्द्र सेन, भू-अभिलेख प्राधिकरण तथा होमगार्ड जवान महेश, धर्मेन्द्र और बाबूलाल की मौजूदगी में की गई।