फेस्टिव सेल में साइबर ठगी से रहें सावधान, राजस्थान पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

 | 
Rajasthan Police Cyber Advisory

 

Udaipur Times, Rajasthan Police Cyber Advisory: राजस्थान पुलिस ने आमजन के लिए एडवाइजरी जारी कर ऑनलाइन खरीदारी करते समय सतर्क रहने की अपील की है। फ्लिपकार्ट और अमेजन जैसे ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर चल रही फेस्टिव सेल के दौरान साइबर ठगी का खतरा बढ़ सकता है। पुलिस ने एआई शॉपिंग स्कैम, फिशिंग मैसेज और फर्जी वेबसाइट के जरिए होने वाली धोखाधड़ी से बचने के लिए जरूरी सावधानियां बताई हैं।

पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार जारी एडवाइजरी में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक साइबर क्राइम वीके सिंह ने बताया कि त्योहारों के दौरान ऑनलाइन खरीदारी बढ़ने के साथ साइबर अपराधी भी सक्रिय हो जाते हैं। वे फ्लैश डील, भारी छूट और थर्ड पार्टी वेंडर की कमजोरियों का फायदा उठाकर लोगों को ठगी का शिकार बना सकते हैं।

इन तरीकों से हो सकती है ठगी

पुलिस के अनुसार, साइबर ठग आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से असली जैसी दिखने वाली फर्जी वेबसाइट और डिस्काउंट लिंक तैयार कर सकते हैं। इसके अलावा, फर्जी एसएमएस और ईमेल के जरिए ऑर्डर अपडेट, गिफ्ट कार्ड या भारी छूट का लालच देकर लोगों की निजी और बैंकिंग जानकारी चुराई जा सकती है।

कुछ वेबसाइट पर भुगतान के समय बिना स्पष्ट जानकारी दिए अतिरिक्त शुल्क, इंश्योरेंस या सब्सक्रिप्शन जोड़ दिए जाते हैं। वहीं, बड़े ऑनलाइन मार्केटप्लेस जैसी दिखने वाली फर्जी साइटों के जरिए क्रेडिट कार्ड और यूपीआई संबंधी जानकारी हासिल करने की कोशिश की जाती है।

ऑनलाइन खरीदारी से पहले अपनाएं ये सावधानियां

राजस्थान पुलिस ने सलाह दी है कि खरीदारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट का यूआरएल खुद टाइप करें या सत्यापित मोबाइल ऐप का इस्तेमाल करें। अनजान प्रमोशनल लिंक पर क्लिक करने से बचें और लॉटरी या बड़े इनाम का दावा करने वाले अनजान व्हाट्सऐप मैसेज व एसएमएस पर भरोसा न करें।

भुगतान से पहले कार्ट की पूरी समरी जांचें, ताकि कोई अतिरिक्त शुल्क या सब्सक्रिप्शन जुड़ा होने पर उसका पता चल सके। शॉपिंग अकाउंट पर मजबूत और अलग-अलग पासवर्ड रखें तथा टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन या बायोमेट्रिक लॉगिन जैसी सुरक्षा सुविधाएं चालू करें। पुलिस ने रिटेल प्लेटफॉर्म पर कार्ड का सीवीवी और अन्य विवरण सेव करने से बचने तथा सुरक्षित भुगतान माध्यमों का इस्तेमाल करने की भी सलाह दी है।

ठगी होने पर यहां करें शिकायत

यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है या उसके साथ ठगी की कोशिश की जाती है, तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या साइबर पुलिस थाने में सूचना दें। इसके अलावा साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल [https://cybercrime.gov.in] पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 तथा साइबर हेल्पडेस्क नंबर 9256001930 और 9257510100 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News