उदयपुर कृषि मंडी में चला प्रशासन का बुलडोजर
20 फीट तक फैला अतिक्रमण हटाया
उदयपुर 29 अप्रैल 2026। कृषि उपज मंडी में वर्षों से पसरे अतिक्रमण पर बुधवार को आखिरकार प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की। भारी पुलिस जाप्ते के साथ मंडी प्रशासन ने अभियान चलाकर मुख्य रास्तों पर 20 फीट से ज्यादा जगह घेरकर बैठे सब्जी व्यापारियों का सामान हटवाया और कई अवैध निर्माण तोड़े।
कार्रवाई के दौरान मंडी परिसर में हड़कंप मच गया। प्रशासन ने दुकानों के बाहर लगाए गए टिन-टप्पर, अस्थायी ढांचे और रास्तों पर बने अवैध चबूतरों को हटाया। लंबे समय से इन अतिक्रमणों के कारण मंडी में हर रोज जाम की स्थिति बन रही थी, जिससे किसान, खरीदार और वाहन चालकों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही थी।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले अतिरिक्त ज़िला कलेक्टर का काफिला मंडी में भीषण जाम में फंस गया था। जाम खुलने का इंतजार करते हुए अतिरिक्त ज़िला कलेक्टर ने पूरे मंडी परिसर का पैदल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जगह-जगह फैली गंदगी, अवैध कब्जे और अव्यवस्थाएं देखकर उन्होंने मंडी सचिव को मौके पर ही फटकार लगाई थी।
उन्होंने साफ निर्देश दिए थे कि मंडी परिसर से अतिक्रमण हटाकर व्यवस्था सुधारी जाए, अन्यथा जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद मंडी प्रशासन हरकत में आया और बुधवार सुबह पुलिस बल की मौजूदगी में अभियान शुरू किया गया।
मंडी सचिव ने बताया कि व्यापारियों को पहले भी कई बार चेतावनी दी जा चुकी थी, लेकिन नियमों की अनदेखी लगातार जारी थी। अब सख्ती से कार्रवाई की जाएगी और भविष्य में भी अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। वहीं रोजाना जाम और अव्यवस्था से परेशान रहने वाले किसानों और खरीदारों ने प्रशासन की इस कार्रवाई पर राहत जताई है।
Udaipur #UdaipurNews #Rajasthan #RajasthanNews #MandiNews #UdaipurMandi #Encroachment #BulldozerAction #BreakingNews #LocalNews #UrbanManagement #TrafficUpdate #Farmers #AgricultureIndia #MarketNews #CityUpdates #PublicIssue #GovernmentAction #CleanCity #SmartCity #NewsUpdate #TrendingNews #HindiNews #GroundReport
