हाईवे किनारे टीनशेड-ढाबों पर चलेगा बुलडोजर! उदयपुर कलेक्टर ने दिए स्पष्ट निर्देश

राजस्व अधिकारियों की बैठक आयोजित
 | 
Action on Highway Encroachment

 

Udaipur Times, Udaipur News: 30 जून 2026। जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट मिनी सभागार में जिले के राजस्व अधिकारियों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में राष्ट्रीय राजमार्गों के आसपास के अवैध अतिक्रमणों एवं निर्माणों को हटाने, राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण, विभागीय कार्यलयों हेतु भूमि आवंटन के प्रकरण, संपर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों की समीक्षा तथा अवैध खनन के विरुद्ध चल रही कार्रवाई सहित विभिन्न राजस्व संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में जिला कलेक्टर ने राष्ट्रीय राजमार्गों के आसपास किए गए अतिक्रमण एवं अवैध निर्माणों को हटाए जाने संबंधी न्यायालय के निर्देशों की अनुपालना की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर बने टीनशेड, ढाबों तथा अन्य अवैध अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावी ढंग से की जाए, ताकि न्यायालय के निर्देशों की समयबद्ध पालना सुनिश्चित हो सके।

जिला कलेक्टर ने राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों के निस्तारण की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न राजकीय विभागों के भूमि आवंटन से संबंधित प्रकरणों, मोबाइल टावर स्थापना के प्रस्तावों सहित अन्य लंबित मामलों की जानकारी लेते हुए निर्धारित समय सीमा में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

संपर्क पोर्टल की स्वयं करें मॉनिटरिंग

बैठक में संपर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे स्वयं पोर्टल की नियमित मॉनिटरिंग करें तथा परिवादियों को संतोषजनक एवं तथ्यात्मक जवाब उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि प्रकरणों के औसत निस्तारण समय (एवरेज डिस्पोजल टाइम) सहित प्रत्येक पैरामीटर पर विशेष ध्यान दिया जाए ताकि आमजन को समय पर राहत मिल सके।

अवैध खनन की रोकथाम हेतु किये जा रहे कार्यों की ली जानकारी

इस दौरान जिला कलेक्टर ने अवैध खनन रोकथाम हेतु गठित टास्क फोर्स की बैठक लेकर अब तक की गई कार्रवाई की समीक्षा की। उन्होंने खनि अभियंता मोहम्मद आसिफ अंसारी से कार्रवाई का विस्तृत विवरण प्राप्त किया तथा अवैध खनन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय के निर्देश दिए। साथ ही खान विभाग एवं हितधारकों द्वारा हरियालो राजस्थान अभियान के तहत व्यापक वृक्षारोपण हेतु उपयुक्त स्थलों का चिन्हांकन शीघ्र पूर्ण करने तथा पौधारोपण की प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर (प्रशासन) दीपेंद्र सिंह राठौड़, अतिरिक्त जिला कलेक्टर (शहर) जितेंद्र ओझा सहित जिले के सभी उपखंड अधिकारी तथा सभी तहसीलदार उपस्थित रहे।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News