Census 2027: मकान सूचीकरण एवं मकान गणना के तहत फील्ड सर्वे 16 से

जनगणना - 2027
 | 

उदयपुर 15 मई 2026। भारत की जनगणना 2027 अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकान गणना के प्रथम चरण के तहत शनिवार से प्रगणकों द्वारा फील्ड सर्वे का कार्य प्रारंभ होगा। 

जनगणना निदेशक बिष्णुचरण मल्लिक ने शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक ली। संभागीय आयुक्त सुश्री प्रज्ञा केवलरमानी तथा प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं कलक्टर गौरव अग्रवाल की उपस्थित में हुई बैठक में मलिक ने 1 से 15 मई तक चली स्वगणना प्रक्रिया की समीक्षा की। 16 मई से प्रारंभ होने वाले मकान सूचीकरण एवं मकान गणना फील्ड सर्वे को लेकर तैयारियों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

बैठक के प्रारंभ में जिला जनगणना अधिकारी दीपेंद्रसिंह राठौड़ ने जिले में जनगणना को लेकर अब तक संचालित गतिविधियों और उपलब्धियों के बारे में पीपीटी के माध्यम से जानकारी दी। इसमें अवगत कराया कि उदयपुर जिले में स्वगणना के तहत लगभग 25 हजार लोगों ने पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन स्वगणना दर्ज की। फील्ड सर्वे के लिए जिले में कुल शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कुल 22 चार्ज क्षेत्र तय किए गए हैं। इसमें कुल 3685 प्रगणक ब्लाॅक निर्धारित हैं। प्रगणक स्तर तक प्रशिक्षण आयोजित किए जा चुके हैं।

निदेशक मल्लिक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनगणना कार्य के दौरान कोई भी भवन चिन्हिकरण से नहीं छूटना चाहिए। उन्होंने कहा कि चाहे भवन आवासीय हो, व्यावसायिक प्रतिष्ठान, अस्पताल, विद्यालय अथवा अन्य किसी उपयोग का हो, सभी का शत-प्रतिशत सर्वे सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि 16 मई से 14 जून तक चलने वाले फील्ड सर्वे कार्य के लिए पर्याप्त समय निर्धारित किया गया है, इसलिए कार्मिक जल्दबाजी से बचते हुए पूरी सावधानी और गंभीरता के साथ सही जानकारी दर्ज करें। साथ ही स्वगणना के तहत प्राप्त प्रत्येक आईडी का अनिवार्य रूप से सत्यापन करने के निर्देश भी दिए।

भीषण गर्मी को लेकर विशेष सावधानी बरतने के निर्देश

बैठक के दौरान मल्लिक ने वर्तमान भीषण गर्मी को देखते हुए प्रगणकों एवं सर्वे कार्मिकों की सुरक्षा पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि अत्यधिक आवश्यकता नहीं होने पर दोपहर 2 बजे से 4 बजे के बीच तीक्ष्ण धूप और सर्वाधिक तापमान वाले समय में फील्ड सर्वे के लिए नहीं निकलें। यदि आवश्यक परिस्थितियों में जाना पड़े तो धूप और गर्मी से बचाव के लिए सभी जरूरी सावधानियां अपनाई जाएं। बैठक में नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना, गिर्वा एसडीएम अवुला सांईकृष्ण, उप जिला जनगणना अधिकारी पुनीत शर्मा सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

शत प्रतिशत उपलब्धि पर सम्मान

बैठक के दौरान स्वगणना कार्य के दौरान उल्लेखनीय उपलब्धि वाले मकान गणना ब्लाॅक की सराहना की गई। वहीं बड़गांव तहसील की प्रगणक प्रिया श्योराण को शत-प्रतिशत उपलब्धि पर निदेशक मलिक, संभागीय आयुक्त सुश्री केवलरमानी तथा जिला कलक्टर अग्रवाल ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

#Census2027 #Udaipur #HouseListing #CensusIndia #RajasthanNews #Enumerator #SelfEnumeration #UdaipurNews #GovernmentSurvey #HouseNumbering

To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on   GoogleNews |  Telegram |  Signal