मुख्यमंत्री LPG सब्सिडी योजना के नियमों में बदलाव, लाभार्थियों को बैंक खाता अपडेट करने के निर्देश
Udaipur Times, Udaipur News: खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, राजस्थान सरकार ने मुख्यमंत्री रसोई गैस सिलेंडर सब्सिडी योजना के नियमों में अहम बदलाव करते हुए नई गाइडलाइन जारी की है।
जनआधार प्राधिकरण की नीति में संशोधन के बाद विभाग ने यह व्यवस्था लागू की है, जिसके तहत पात्र उपभोक्ता घर बैठे स्वयं जनआधार मुखिया का बैंक खाता और एलपीजी सब्सिडी पोर्टल पर बैंक संबंधी विवरण अपडेट कर सकेंगे।
यदि परिवार के मुखिया का बैंक खाता बदल गया है, तो नया बैंक खाता नंबर जनआधार के साथ-साथ एलपीजी सब्सिडी पोर्टल पर भी अपडेट करवाना होगा। इसके लिए उपभोक्ता विभागीय वेबसाइट पर जाकर बैंक खाता अपडेट कर सकते हैं। बैंक खाते के विवरण के साथ जनआधार आईडी की मैपिंग करवाना अनिवार्य होगा, ताकि सब्सिडी की राशि सीधे उपभोक्ता के खाते में हस्तांतरित हो सके। ऑनलाइन विकल्प के अलावा पंजीकृत उपभोक्ता नजदीकी उचित मूल्य दुकान यानी राशन डीलर के पास जाकर भी LPG ID मैप करवा सकते हैं।
जिला रसद अधिकारी उदयपुर मणि खींची ने बताया कि जिले में कुल 28,08,962 उपभोक्ता हैं। इनमें NFSA में लाभान्वित परिवारों की संख्या 3,98,855 तथा NFSA में लाभान्वित उपभोक्ताओं की संख्या 15,56,879 है। जिले में जनआधार की मैपिंग 22,22,226 यानी 55.71 प्रतिशत है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री रसोई गैस सिलेंडर सब्सिडी योजना के पात्र शेष उपभोक्ता, जिनके जनआधार मुखिया का बैंक खाता और LPG ID मैपिंग पोर्टल पर अपडेट नहीं है, वे शीघ्र नया बैंक खाता अपडेट करवाएं तथा LPG ID मैपिंग सुनिश्चित करें, ताकि योजना की सब्सिडी राशि उनके लिंक बैंक खातों में हस्तांतरित की जा सके।